जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 42 बुलेट सीज
झारखंड के Jamshedpur में ट्रैफिक पुलिस ने तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करते हुए चल रही 42 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जिन बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे और जिनसे तेज आवाज निकल रही थी, उन्हें रोककर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला। साथ ही जब्त की गई बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकालकर कब्जे में ले लिया गया है, जिन्हें बाद में नष्ट किया जाएगा ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न हो सके।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से आम लोगों को परेशानी होती है और इससे ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। इसी को देखते हुए आगे भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।