पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने की ब्रीफिंग, दिए कड़े निर्देश
*पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने की ब्रीफिंग, दिए कड़े निर्देश*
जय प्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता, सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर, 12 मार्च 2026।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लोहिया कला भवन में ड्यूटी में लगे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया गया।
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) अनिवार्य रूप से की जाए। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी व केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराएं। परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नकल कराने वाले गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जाए। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए लगातार संपर्क में रहने तथा परीक्षा से संबंधित पल-पल की जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।