logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेकारबांध में दो गुटों में खूनी झड़प, लाठी-डंडों से हमला, दो घायल

धनबाद के बेकारबांध इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच सरेआम हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों से हुई इस मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना बेकारबांध की है, जहां आपसी रंजिश को लेकर दर्जनों युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। जानकारी के अनुसार बेकारबांध निवासी धर्मेंद्र कुमार एक दिन पहले काम के सिलसिले में जियोमार्ट गया था, जहां किसी बात को लेकर वेंडरों के साथ उसका विवाद हो गया। इसी दौरान करण नाम के युवक ने उसकी पिटाई कर दी थी।

बताया जा रहा है कि उसी विवाद को लेकर अगले दिन धर्मेंद्र ने करण को बेकारबांध के पास रोककर पूछताछ की। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर करण ने फोन कर अपने 20 से 25 साथियों को बुला लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर पहुंचे युवक लाठी-डंडों से लैस थे और उन्होंने धर्मेंद्र पर हमला कर दिया। सड़क पर कुछ देर तक जमकर लाठियां चलीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में धर्मेंद्र के भाई गौतम कुमार और करण गुट का एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही धनबाद सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची। सदर थाना की एएसआई Seema Kindo ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर उग्र युवकों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में किया।

पुलिस के अनुसार मामला आपसी रंजिश और पहले हुई मारपीट से जुड़ा है। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

5
2687 views

Comment