logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

देवरिया में गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह पर विराम, DSO बोले– स्टॉक पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं :

देवरिया जनपद में रसोई गैस (LPG) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) संजय कुमार पाण्डेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद में इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) की गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके तहत उपभोक्ताओं को पहले अपनी गैस कंपनी के रजिस्टर्ड नंबर पर मिस्ड कॉल देकर गैस बुक करनी होगी। बुकिंग के बाद उपभोक्ता को जो डी.ए.सी. (DAC) नंबर प्राप्त होगा, वही नंबर डिलीवरी के समय बताना अनिवार्य रहेगा। बिना बुकिंग और डीएसी नंबर के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।

इसके अलावा विभाग ने उन उपभोक्ताओं से भी अपील की है जिन्होंने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं कराई है। ऐसे उपभोक्ता जल्द से जल्द अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

विभाग द्वारा गैस बुकिंग के लिए कंपनियों के मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किए गए हैं। इंडेन गैस (IOCL) के उपभोक्ता 8454955555, भारत गैस (BPCL) के उपभोक्ता 7715012345 या 7718012345 तथा एचपी गैस (HPCL) के उपभोक्ता 9493602222 पर मिस्ड कॉल देकर गैस बुक कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने इस सूचना की प्रति जिलाधिकारी और संयुक्त आयुक्त (खाद्य) को भी भेज दी है, ताकि जनहित में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और लोगों में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।

#DeoriaNews #LPGUpdate #GasCylinder #DeoriaAdministration #UPNews #PublicNotice #GasBooking

17
1036 views

Comment