नौतनवा में कारगिल शहीद की प्रतिमा का अपमान, लोगों में आक्रोश
महराजगंज जनपद के नौतनवा कस्बे में स्थित कारगिल शहीद पूरन बहादुर थापा की प्रतिमा के साथ कथित रूप से लापरवाही और अनादर का मामला सामने आया है। प्रतिमा की हालत खराब होने और उसे ढककर रखे जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
बताया जा रहा है कि शहीद की प्रतिमा को सही तरीके से स्थापित नहीं किया गया है और लंबे समय से उसकी साफ-सफाई व देखरेख नहीं हो रही है। मौके पर गंदगी और अव्यवस्था भी देखी गई, जिससे लोगों ने इसे शहीदों का अपमान बताया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवान की प्रतिमा के साथ इस तरह की लापरवाही बेहद दुखद है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रतिमा की मरम्मत, साफ-सफाई और सम्मानजनक व्यवस्था कराई जाए।
वहीं इस मामले के सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि शहीदों का सम्मान हर हाल में होना चाहिए।