लंका में जंगली हाथी का तांडव: एक युवक की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत
लंका (असम): लंका पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले उत्तर लस्कर पाथर और नालू गाँव इलाके में आज सुबह जंगली हाथी के हमले में एक युवक की जान चली गई। घटना आज सुबह लगभग 6:30 बजे की है, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मृतक की पहचान जोरांग पाथर निवासी सैदुल हक के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक हाथी के सामने अचानक आ गया, जिससे उसे संभलने का मौका नहीं मिला। हमले के बाद मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का आक्रोश
घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में जंगली हाथियों का झुंड अक्सर भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों में घुस आता है, जिससे आए दिन जान-माल का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।