सिद्धार्थनगर: अंतरप्रांतीय बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़, शातिर अपराधी गिरफ्तार, कई मोटरसाइकिलें बरामद"
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में हुई कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर अंतरराष्ट्रीय चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई 12 मार्च, गुरुवार को हुई चोरी की वारदातों के संबंध में की गई।
क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह और उनकी टीम ने अभियान चलाकर आरोपी को थाना क्षेत्र के सिसवा के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गोरख धोबी पुत्र स्वर्गीय गोपाल धोबी के रूप में हुई है। वह नेपाल के कपिलवस्तु जिले के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-02 सेवरा का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से सीमा क्षेत्र में सक्रिय था और बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी के बाद वह वाहनों को ठिकाने लगाने की कोशिश करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। इनमें शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर और ढेबरुआ थाना क्षेत्रों में दर्ज मामले शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ शोहरतगढ़ थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तारी के बाद बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े इलाके का रहने वाला है। वारदात के बाद वह आसानी से सीमा पार कर निकल जाता था, जिसके कारण लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार यादव तथा आरक्षी प्रभाकर यादव और धर्मनाथ यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।