कैमूर/बिहार,
ऋण कैंप में 11 उद्यमियों को मिली 78 लाख रुपए की सौगात, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
संवाददाता : सत्यम कुमार उपाध्याय
कैमूर। जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों को गति देने के लिए आज मुण्डेश्वरी सभागार में एक विशेष ऋण कैंप का आयोजन किया गया। बता दें कि उप विकास आयुक्त (DDC) की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग विभाग की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत 11 उद्यमियों के लिए कुल 78 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए।
इन योजनाओं के तहत मिली स्वीकृति
वही कैंप के दौरान विभिन्न बैंकों के समन्वय से आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया, जिसमें
• प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP): इस योजना के अंतर्गत 4 आवेदकों को कुल 30 लाख रुपये के ऋण की मंजूरी दी गई।
• तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME): खाद्य प्रसंस्करण (Food Processing) क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से 7 आवेदनों पर कुल 48 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रशासन का सख्त निर्देश: 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करें
आपको बताते हुए चलें कि बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति की ओर इशारा करते हुए बैंकों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 मार्च से पहले निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करना अनिवार्य है। डीडीसी ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और ऋण वितरण में तेजी लाने को कहा ताकि जिले के युवाओं को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके और वे अपने व्यवसाय शुरू कर सकें।
बैठक में मौजूद रहे आला अधिकारी
वही इस महत्वपूर्ण ऋण कैंप में उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव, वरीय उप समाहर्त्ता (बैंकिंग), जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, जिला अग्रणी प्रबंधक (PNB), और बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।