मिशन 2027: PDA समाजवादी बाइक मिनी रथ यात्रा शाहजहांपुर पहुंची, सपा नेताओं ने किया जोरदार स्वागत
शाहजहांपुर। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने मिशन 2027 के तहत जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में PDA समाजवादी बाइक मिनी रथ यात्रा गुरुवार को शाहजहांपुर जनपद पहुंची, जहां सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
यह यात्रा 12 फरवरी 2026 को जनपद बरेली की भोजीपुरा विधानसभा से सपा के युवा नेता हरविन्द यादव और प्रदीप यादव द्वारा शुरू की गई थी। मिशन 2027 के तहत निकाली गई यह PDA समाजवादी बाइक मिनी रथ यात्रा प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 75 जिलों और 403 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दों को जनता के बीच रखने का काम कर रही है।
यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
गुरुवार को यात्रा के शाहजहांपुर पहुंचने पर सपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत के बाद PDA समाजवादी बाइक मिनी रथ यात्रा को जनपद शाहजहांपुर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर सपा जिला सचिव संतोष कुमार पाल, महिपाल सिंह यादव, मोहम्मद फैसल, पूर्व सभासद दुर्गेश कुमार गुप्ता, अरशद खान, सरताज अली इदरीसी, मोहम्मद हाशिम, फराज इदरीसी, सिद्दीक खान, गब्बर, विकास यादव, आरिफ खान तथा सपा जिला अध्यक्ष के प्रतिनिधि शाहनवाज सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।