धनबाद और लातेहार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
धनबाद/लातेहार। झारखण्ड में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी हुआ है। धनबाद और लातेहार के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को धनबाद सिविल कोर्ट और लातेहार सिविल कोर्ट को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी की सूचना मिलते ही दोनों जिलों के कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धनबाद कोर्ट परिसर, जो पहले भी सुरक्षा कारणों से चर्चा में रहा है, वहां प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। कोर्ट के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।
वहीं लातेहार में भी सिविल कोर्ट को निशाना बनाकर दी गई धमकी के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया।
डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट के हर कमरे, वकीलों के चैंबर और परिसर के कोने-कोने की जांच की जा रही है। कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।