फरेंदा में तीसरे दिन भी बंद रहीं 42 दुकानें, आरसी के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन
फरेंदा। आनंदनगर स्थित गौतम बुद्ध व्यवसायिक भवन की 42 दुकानों पर किराया बकाया बताते हुए आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी किए जाने के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। विरोध स्वरूप दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का आरोप है कि दुकानों का किराया दिसंबर 2024 तक नगर पंचायत कार्यालय में जमा किया जा चुका है, इसके बावजूद उनके खिलाफ आरसी जारी कर दी गई है। दुकानदारों का कहना है कि इस कार्रवाई से वे काफी परेशान हैं और उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदार राजेश मोदी ने बताया कि जब तक आरसी को निरस्त नहीं किया जाएगा, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। व्यापारियों का कहना है कि नोटिस देकर उनसे दुकान की कीमत लगभग 14 लाख रुपये और वर्ष 2020 से 6 हजार रुपये किराया जोड़कर आरसी जारी की गई है, जिसके बाद उनसे करीब 24 लाख रुपये जमा करने को कहा जा रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के बंद रहने से उनके परिवार के भरण-पोषण पर भी असर पड़ रहा है और वे मानसिक रूप से परेशान हैं। इस दौरान राजेश मोदी, जयराम शर्मा, डॉ. मधुरेश यादव, मैनुद्दीन, राहुल जायसवाल, गोपाल बागला, राकेश जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता, ऋषभ जायसवाल, अखिलेश कुमार, शुभम जायसवाल, अखिल मोदी और निखिल मोदी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।