सन्हौला बाजार में जाम पर प्रशासन सख्त, सड़क किनारे दुकान व वाहन लगाने पर होगी कार्रवाई*
सन्हौला भागलपुर से आशीष कुमार की खास रिपोर्ट
भागलपुर जिले के सन्हौला बाजार में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए बुधवार को प्रशासन सख्त नजर आया। अंचल अधिकारी सन्हौला रजनीश चंद्र राय और सन्हौला थाना की पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर दुकानदारों और सड़क किनारे वाहन लगाने वालों को कड़े निर्देश दिए।
अंचल अधिकारी ने कहा कि सन्हौला बाजार में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को लेकर प्रशासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्हौला से लेकर जगदीशपुर रोड और सन्हौला मस्जिद चौक तक निरीक्षण करते हुए सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानें सड़क से हटाकर नाली के उस पार लगाएं और सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
साथ ही ठेला, खोमचा और छोटी-बड़ी दुकान लगाने वालों को भी सख्त हिदायत दी गई कि वे सड़क किनारे अपना सामान न लगाएं। सड़क के किनारे बाइक, ऑटो और अन्य छोटे-बड़े वाहन खड़े करने वालों को भी चेतावनी दी गई है कि यदि रोड पर वाहन खड़ा किया गया तो चालान की कार्रवाई की जाएगी।
अंचल अधिकारी रजनीश चंद्र राय ने करीब 4 से 5 घंटे तक सन्हौला बाजार में रहकर दुकानदारों और वाहन चालकों को समझाया और कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। यदि इसके बाद भी कोई व्यक्ति सड़क किनारे दुकान लगाता है या अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें और बाजार क्षेत्र को जाम मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। वहीं दुकानदारों से भी कहा गया कि वे नियमों का पालन करें, ताकि सन्हौला बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।