logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

टिहरी: डीएम नितिका खंडेलवाल ने कोटीगाड़ में चेन लिंक फेंसिंग कार्य का किया निरीक्षण, 8 हेक्टेयर फसल सुरक्षित

जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 6.50 लाख की लागत से बनाई गई घेरबाड़, किसानों को लाइनिंग सिस्टम से गेहूं उत्पादन के निर्देश

टिहरी | 12 मार्च 2026। केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने गुरुवार को विकासखंड चंबा के ग्राम कोटीगाड़ के नौलीखाला तोक में कृषि विभाग द्वारा किए गए चेन लिंक फेंसिंग (घेरबाड़) कार्यों का निरीक्षण किया। यह घेरबाड़ जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए जिला योजना के अंतर्गत कराई गई है।

226 मीटर लंबी घेरबाड़, 8 हेक्टेयर भूमि सुरक्षित

निरीक्षण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि घेरबाड़ की कुल लंबाई 226.10 मीटर है, जिसे वित्तीय वर्ष 2025–26 में ₹6.50 लाख की अनुमानित लागत से तैयार किया गया है।
इस घेरबाड़ से लगभग 8 हेक्टेयर कृषि भूमि को जंगली जानवरों से सुरक्षित किया गया है, जिससे किसानों की फसलों को काफी लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों ने रखी मांग

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सिंचाई गूल की मरम्मत कराने और शेष छूटे क्षेत्रों में भी घेरबाड़ करवाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इन प्रस्तावों को जिला योजना में शामिल कर कार्य कराया जाएगा।

लाइनिंग सिस्टम से गेहूं की खेती

कृषि विभाग द्वारा इसी क्षेत्र में एक एकड़ भूमि पर लाइनिंग सिस्टम से गेहूं की बुवाई भी की गई है। जिलाधिकारी ने इसका भी निरीक्षण किया और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के किसानों को इसी तकनीक से गेहूं की खेती करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उत्पादन और लाभ दोनों बढ़ सकें।

किसानों को समय पर मिले खाद और बीज

जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती में किसी प्रकार की बाधा न आए और किसानों की आय बढ़ सके।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान शीला देवी, पूर्व प्रधान, कृषि विभाग के कार्मिक और स्थानीय किसान भी उपस्थित रहे।

1
66 views

Comment