टिहरी में LPG आपूर्ति पर डीएम की समीक्षा बैठक, 25 दिन बाद कर सकेंगे अगला सिलेंडर बुक
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने गैस एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश—कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर होगी कड़ी कार्रवाई
टिहरी गढ़वाल | 12 मार्च 2026। केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी और जनपद में संचालित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एलपीजी (LPG) गैस की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की स्थिति और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली गई।
एलपीजी की आपूर्ति सामान्य
बैठक में गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जनपद में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की प्राप्ति और आपूर्ति पूर्व की भांति नियमित रूप से की जा रही है। उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के गैस उपलब्ध कराई जा रही है और भंडारण की कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकते हैं।
नियमों का पालन सुनिश्चित करें: डीएम
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि वे नियमानुसार उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नियमित निरीक्षण के निर्देश
डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को निर्देश दिए कि वे सभी गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करें और स्टॉक की दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में एलपीजी की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या दुरुपयोग न हो।
उपभोक्ताओं से ऑनलाइन बुकिंग की अपील
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि जनपद में एलपीजी की स्थिति सामान्य है, इसलिए किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यम से गैस सिलेंडर बुकिंग करने की सलाह दी, जिससे समय और श्रम की बचत हो सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।