logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

त्योहार और SI भर्ती परीक्षा को लेकर अलर्ट मोड में सरकार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश


लखनऊ। आगामी पर्व-त्योहारों और उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होने चाहिए, साथ ही किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

SI भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे 15.75 लाख अभ्यर्थी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 1090 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 15 लाख 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे तथा हर परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की गाड़ी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेगी।

ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के दूसरे जिलों से आने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने। साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखकर किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तुरंत खंडन किया जाए।

त्योहारों को लेकर भी सतर्कता

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 19 मार्च से चैत्र नवरात्र और 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। ऐसे में यह समय कानून-व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील है और सभी अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि समाज-विरोधी या राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।

शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

चैत्र नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी धाम (मीरजापुर), देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुम्भरी देवी (सहारनपुर) और ललिता देवी (सीतापुर) सहित प्रमुख शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने इन स्थानों पर सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य

बैठक में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में कहीं भी पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य है। मुख्यमंत्री ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी और शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

रिपोर्ट - पंकज गुप्ता

2
567 views

Comment