भ्रष्ट सरपंच-सचिव की रक्षा में अंधा-बहरा बना प्रशासनबेलढाना पंचायत पर जनपद अधिकारियों की मेहरबानी, 300 मीटर सीसी सड़क चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट।
भ्रष्ट सरपंच-सचिव की रक्षा में अंधा-बहरा बना प्रशासनबेलढाना पंचायत पर जनपद अधिकारियों की मेहरबानी, 300 मीटर सीसी सड़क चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट।
देवरी (सागर)।
जनपद पंचायत देवरी की ग्राम पंचायत बेलढाना में विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में सरपंच-सचिव द्वारा निर्माण कार्यों में खुलेआम भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जबकि जनपद स्तर के अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार दादा बेरीसाल मंदिर से लगभग 300 मीटर तक बनाई गई सीसी सड़क पूरी तरह गुणवत्ताहीन है। निर्माण के दौरान मानक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि सड़क निर्माण में धूलयुक्त डस्ट और लोकल सीमेंट का उपयोग किया गया, न तो वाइब्रेटर चलाया गया, न पॉलिथीन बिछाई गई और न ही थर्माकोल लगाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मोटाई मात्र दो से तीन इंच रखी गई और दोनों ओर नाली खोदकर सड़क को मोटा दिखाने का प्रयास किया गया। ऐसे में पूरी सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि गुड्डन के घर से लेकर हल्लू के घर तक लगभग 200-250 मीटर सड़क का निर्माण होना था, जिसकी राशि करीब छह माह पहले ही निकाल ली गई, लेकिन आज तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ। वहां आज भी रास्ता कीचड़ से भरा पड़ा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं श्मशान घाट निर्माण कार्य में भी गुणवत्ताहीन काम किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जनपद पंचायत के अधिकारी और इंजीनियर मौन बने हुए हैं। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जनपद पंचायत देवरी के अधिकारी, जिनमें सीईओ मनीषा चतुर्वेदी और संबंधित इंजीनियर बिरेंद्र लोधी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं, पंचायत के सरपंच-सचिव पर मेहरबान दिखाई दे रहे हैं, जिसके चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।
हालांकि इस पूरे मामले में जनपद पंचायत देवरी की सीईओ मनीषा चतुर्वेदी का कहना है कि गुरुवार को जांच दल भेजकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि जांच के बाद वाकई दोषियों पर कार्रवाई होती है या फिर बेलढाना पंचायत में भ्रष्टाचार का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
AIMa मीडिया नेटवर्क सागर देवरी से
संवाददाता सोनू प्रजापति की रिपोर्ट