प्रतापगढ़ में 58 लाख की जमीन के विवाद में टैक्सी चालक की हत्या का खुलासा
प्रतापगढ़ में टैक्सी चालक आसिफ अली की हत्या का पुलिस ने तीसरे दिन खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार जमीन के पैसे के विवाद में अधिवक्ता सद्दाम ने अपने ही पड़ोसी टैक्सी चालक आसिफ अली की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
बताया गया कि करीब 58 लाख रुपये की जमीन खरीद का पैसा न देने के कारण यह विवाद हुआ। आरोपी अधिवक्ता सद्दाम ने आसिफ को पैसे देने के बहाने चोखड़ा जंगल के सुनसान इलाके में बुलाया। वहां बाइक पर पीछे बैठे सद्दाम ने पिस्टल से आसिफ पर तीन गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। इस घटना में आरोपी के साथ मौजूद रहे संदीप गुप्ता की तलाश की जा रही है।
एसपी दीपक भूकर ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी ने इस हत्याकांड में बड़ी चालाकी से आसिफ की पत्नी और ससुराल पक्ष को फंसाने की साजिश भी रची थी। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था, इसलिए उसने पुलिस को भ्रमित करने के लिए कई लोगों के नाम से तहरीर दिलवाने की कोशिश भी की।
हालांकि पुलिस को शक होने पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
गोविंद कुमार
प्रतापगढ़