कैमूर/बिहार,
जिला पदाधिकारी कैमूर ने की आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक, गैस (LPG) वितरण में पारदर्शिता लाने का दिया गया सख्त निर्देश
संवाददाता : सत्यम कुमार उपाध्याय
कैमूर। जिले में एलपीजी (LPG) गैस की उपलब्धता और सुचारू वितरण को सुनिश्चित करने के लिए जिला पदाधिकारी कैमूर नितिन कुमार सिंह ने कमर कस ली है। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने आपूर्ति विभाग के कार्यों की विस्तृत जांच की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कालाबाजारी पर लगेगी लगाम, होगी नियमित छापेमारी
बता दें कि वही बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आपूर्ति अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध भंडारण या घरेलू गैस के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए नियमित रूप से छापेमारी की जाए। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
होम डिलीवरी और डिजिटल पारदर्शिता पर जोर
वही जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने वैश्विक ऊर्जा संकट और सरकार के नए नियमों (जैसे 25 दिनों के अंतराल पर बुकिंग और OTP आधारित व्यवस्था) का हवाला देते हुए कहा कि आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस की किल्लत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। तथा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड को तत्काल अपडेट रखा जाए।
साप्ताहिक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
बता दें कि प्रशासनिक चुस्ती बनाए रखने के लिए जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) को सभी प्रखंडों के आपूर्ति निरीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में उपस्थित रहे मुख्य पदाधिकारी
वही इस उच्चस्तरीय बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, भभुआ एवं मोहनियां के अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और जिले के सभी एलपीजी गैस विक्रेता उपस्थित रहे।