जुमे की नमाज व ईद को लेकर प्रशासन सतर्क, कलेक्ट्रेट में अधिकारियों व धर्मगुरुओं की बैठक
शाहजहांपुर। आगामी जुमे की नमाज और ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और मुस्लिम धर्मगुरु मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पर्व के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि प्रमुख स्थानों और बाजारों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मौजूद मुस्लिम धर्मगुरुओं से भी अपील की गई कि वे लोगों को पर्व को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने तथा ऐसी किसी भी जानकारी की तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचना देने को कहा गया।
इस दौरान नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (एफआर), अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और मुस्लिम धर्मगुरु उपस्थित रहे।