असम के शिवसागर जिले के डेमोव क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना :-
असम के शिवसागर जिले के डेमोव क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्राथमिक विद्यालय का कक्षा कक्ष कथित रूप से अवैध शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
जिस स्थान को बच्चों की शिक्षा और भविष्य निर्माण का केंद्र माना जाता है, वहां इस तरह की गतिविधि सामने आने से पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। यह मामला तब सामने आया जब कक्षा कक्ष के अंदर से कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन दृश्यों में कथित तौर पर स्कूल के भीतर शराब तैयार करने से जुड़ा सामान दिखाई दे रहा है। तस्वीरों के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय शिक्षा का पवित्र स्थान होता है, लेकिन वहां इस तरह की गतिविधियों का होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर विद्यालय परिसर में ऐसी गतिविधि कैसे चल रही थी और इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं मिल पाई। सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में शिक्षा संस्थानों की गरिमा और पवित्रता बनी रहे।