logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पटना में चेन स्नैचिंग: बुजुर्ग महिला को सड़क पर घसीटा, हाथ टूटा — ICU में भर्ती

पटना के कंकड़बाग इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने के दौरान उन्हें सड़क पर घसीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। फिलहाल महिला का एक निजी अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है।
घायल महिला की पहचान भोजपुर जिले के बिहिया की रहने वाली मुन्नी देवी (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पटना में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं।
बुलेट सवार युवक ने झपट ली चेन
पीड़िता मुन्नी देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। वह पंच शिव मंदिर के पास से चांदमारी रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बुलेट बाइक पर सवार 26-27 वर्षीय युवक ने अचानक उनके गले से चेन झपट ली।
मुन्नी देवी ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की कॉलर पकड़ ली, लेकिन बदमाश ने चेन छुड़ाने के लिए उन्हें सड़क पर घसीट दिया। इस दौरान उनका दाहिना हाथ टूट गया और किडनी के पास गंभीर चोट लग गई।
लोगों की भीड़ जुटी, फिर अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद महिला सड़क पर गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। किसी तरह वह अपनी पोती के साथ कमरे तक पहुंचीं, जिसके बाद उनके बेटों ने उन्हें कंकड़बाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका ICU में इलाज चल रहा है। फिलहाल उन्हें बोलने, चलने और सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।
बेटे ने बताया – पहले से घात लगाए था आरोपी
महिला के बेटे धर्मेंद्र कुमार, जो CRPF में तैनात हैं, ने बताया कि पंच शिव मंदिर के पास एक युवक काले रंग की बुलेट बाइक पर हेलमेट पहनकर पहले से खड़ा था। उसने उनकी मां के गले में चेन देखकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

2
346 views

Comment