logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में बस-कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत

शाहजहांपुर, जागरण संवाददाता।
जलालाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार बस और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अल्हागंज थाना क्षेत्र में सुगसुगी पुलिया के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

जानकारी के अनुसार बरेली डिपो की रोडवेज बस सुबह करीब साढ़े सात बजे फर्रुखाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अल्हागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में कार सवार अरुण (30), ऋषभ (32) और संजय (34) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं कार में सवार अनिल पौद और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने यातायात को कुछ देर के लिए डायवर्ट कर राहत कार्य कराया। करीब एक घंटे बाद मार्ग को आंशिक रूप से सुचारु कराया जा सका।

थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। बस चालक और परिचालक से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सुगसुगी पुलिया के पास पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

0 views

Comment