logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लोन दिलाने के नाम पर 50 हजार की डील, CBI ने हरदोई में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को दबोचा

*हरदोई*
जिले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के नाम पर कथित रिश्वतखोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस मामले में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को सीबीआई ने नाटकीय अंदाज में हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, जिले के कछौना कस्बे के रामनगर रेलवे गंज मोहल्ले निवासी सुरेश चौधरी कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी केंद्र भी संचालित करते हैं. मंगलवार शाम वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुसलमानाबाद सपहिया गांव में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर रहे थे. इसी दौरान लखनऊ से सीबीआई की टीम पहुंची और अचानक दबिश देकर उन्हें घेर लिया.
बैठक के बीच हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को हिरासत में लेकर सीधे कछौना रेलवे स्टेशन के रेलवे गार्ड रूम पहुंची, जहां शाम करीब 5:30 बजे से लेकर रात लगभग 12:15 बजे तक उनसे लंबी पूछताछ की गई. इस दौरान टीम ने उनके पास मौजूद दस्तावेजों और कागजातों को भी खंगाला और कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिये.
आरोप है कि बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ गांव की रहने वाली सीमा नाम की युवती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था. पीड़िता का आरोप है कि लोन पास कराने के बदले सुरेश चौधरी ने उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. इसकी शिकायत युवती ने सीबीआई से कर दी, जिसके बाद टीम ने पूरी रणनीति बनाकर हरदोई पहुंचकर यह कार्रवाई की.
हालांकि, सुरेश चौधरी खुद को निर्दोष बता रहे हैं और इस पूरे मामले को साजिश करार दे रहे हैं. उनका कहना है कि उन्हें फंसाया जा रहा है. वहीं, सीबीआई अब यह भी खंगाल रही है कि कहीं इस योजना के नाम पर और लाभार्थियों से भी तो वसूली का खेल नहीं चल रहा था. देर रात सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को गिरफ्तार कर अपने साथ लखनऊ ले गई. बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद हरदोई के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है.
*रिपोर्टर यूनुश सिद्दीकी
हरदोई *

23
984 views

Comment