*जनसुनवाई: 176 आवेदकों की समस्याओं पर अपर कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश*
*जनसुनवाई: 176 आवेदकों की समस्याओं पर अपर कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश*
कटनी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा ने जिले भर से आए 176 आवेदकों की समस्याओं को सुना। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पात्रता पर्ची, किसान सम्मान निधि और आवास संबंधी शिकायतों का अंबार रहा।
माधवनगर निवासी अमृतलाल ने पात्रता पर्ची से पत्नी का नाम कटने की शिकायत की, जिस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम जोबी कलां के किसान दिनेश चंद्र दुबे ने किसान पंजीयन न होने की समस्या रखी। ढीमरखेड़ा के ग्राम धनवाही निवासी जितेन्द्र गर्ग ने फरवरी 2021 से रुकी हुई किसान सम्मान निधि दिलाने की गुहार लगाई। अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय सीमा में मिलना सुनिश्चित करें। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी सहित जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
*रिश्वत लेते वीडियो वायरल: धरवारा के हल्का पटवारी महेन्द्र मिश्रा निलंबित*
स्लीमनाबाद/बहोरीबंद। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया ने ग्राम धरवारा (तहसील स्लीमनाबाद) में पदस्थ हल्का पटवारी महेन्द्र मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पटवारी मिश्रा एक कृषक बारेलाल से नक्शा बटांकन एवं सीमांकन कार्य के एवज में रुपयों की मांग करते और पैसे लेते दिखाई दे रहे थे। तहसीलदार स्लीमनाबाद की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उक्त कार्य के लिए न्यायालय द्वारा पहले ही आदेश पारित हो चुका था, इसके बावजूद पटवारी द्वारा राशि की मांग करना गंभीर कदाचरण माना गया। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय स्लीमनाबाद नियत किया गया है।
*कलेक्टर की सख्त चेतावनी*
*समय पर प्रस्तुत करें देयक, बजट लैप्स हुआ तो डीडीओ होंगे जिम्मेदार*
कटनी। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति के पूर्व कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को कड़े निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि मार्च के अंतिम दिनों में सर्वर डाउन होने या अन्य तकनीकी कारणों से बजट लैप्स होने की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए।
जारी परिपत्र के अनुसार, सभी विभागों को अपने बजटीय देयक समय रहते कोषालय में प्रस्तुत करने होंगे। यदि किसी भी विभाग का बजट समय पर बिल प्रस्तुत न करने के कारण लैप्स होता है, तो संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी इसके लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे और उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
*जनपद पंचायत रीठी: अध्यक्ष पद के लिए 17 मार्च को मतदान, प्रेक्षक नियुक्त*
कटनी। जनपद पंचायत रीठी के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी 17 मार्च को होने वाले मतदान की निगरानी के लिए सेवानिवृत्त राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी श्री प्रकाश व्यास को प्रेक्षक नियुक्त किया है।
निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रेक्षक 16 मार्च से ही जिले में डेरा डालेंगे। वे मतदान की पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट 3 दिनों के भीतर आयोग को सौंपेंगे। निर्वाचन संबंधी किसी भी गड़बड़ी की सूचना उनके मोबाइल नंबर 9425928202 पर दी जा सकती है।
*सफलता की कहानी: 50 चूजों से बदली *रुकमणीबाई की तकदीर, मुर्गीपालन बना आय का जरिया*
ढीमरखेड़ा। मेहनत और सही मार्गदर्शन से ग्रामीण महिलाएं कैसे आत्मनिर्भर बन रही हैं, इसकी मिसाल तहसील ढीमरखेड़ा के ग्राम सगौना की रुकमणीबाई ने पेश की है। नाबार्ड की ‘नॉन-बाडी परियोजना’ के तहत मात्र 50 चूजों से शुरू हुआ उनका व्यवसाय आज 52 हजार रुपये तक की शुद्ध आय दे चुका है।
रुकमणीबाई बताती हैं कि अंडों और मुर्गों की बिक्री से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आया है। वर्तमान में उनके पास 22 स्वस्थ मुर्गियां हैं जो नियमित आय का स्रोत बनी हुई हैं। यह सफलता जिले की अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार की प्रेरणा बन रही है।