छपारा : रणधीर नगर - झिलमिली मार्ग के पास भीषण सड़क हादसा: अर्टिगा कार दुर्घटनाग्रस्त, 108 एंबुलेंस की तत्परता से बची घायलों की जान
छपारा। देर रात करीब 2 बजे नागपुर से इलाज करवाकर लौट रहे एक परिवार की अर्टिगा कार (MP54 ZC 2914) भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। घटना रणधीर नगर–झिलमिली मार्ग की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार परिवार उमरिया की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने अर्टिगा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार अनियंत्रित होकर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक प्राइवेट एंबुलेंस (UP70 NT 9521) भी कार से टकरा गई, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया।
इस दुर्घटना में कार में सवार कोमल कुमारी (26), अनुराग ठाकुर (32), रामप्रसाद ठाकुर (62) और अरुणा ठाकुर (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी के गर्दन, पीठ और पैरों में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही छपारा 108, बंडोल 108 और आदेगांव 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। एंबुलेंस स्टाफ ने तेजी से रेस्क्यू कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा पहुंचाया।
घायलों की हालत गंभीर होने के कारण दो 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तीनों 108 एंबुलेंस टीमों ने कड़ी मेहनत और तत्परता दिखाते हुए घायलों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।