logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एक लाख रुपये पर हर माह देंगे नौ हजार रुपये ब्याज', झांसे में आए नजीबाबाद के लोग, पांच करोड़ की ठगी


बिजनौर जिले के नजीबाबाद में महाराष्ट्र की ड्रीम सन शाइन नाम की पानी की कंपनी के नाम पर लोगों से निवेश कराया गया। शुरू में लोगों को फायदा पहुंचा, जब करोड़ों रुपये एकत्र हो गए, तो कंपनी के लोग ऑफिस पर ताला लगाकर भाग गए।

महाराष्ट्र की ड्रीम सन शाइन नाम की पानी की कंपनी के लिए इन्वेस्ट पर मोटी रकम देने के नाम पर करोड़ों की ठगी की गई। वीडियो वायरल होने पर स्थानीय कार्यालय पर लोगों ने प्रदर्शन किया। कार्यालय का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान उठा लिया।

हर्सवाड़ा क्षेत्र के अलफलाह स्कूल के निकट ड्रीम सन शाइन कंपनी के नाम से खोले गए कार्यालय संचालक करोड़ों की ठगी कर फरार हो गए। जलालाबाद क्षेत्र के कुछ लोग महाराष्ट्र की ड्रीम सनशाइन कंपनी द्वारा पानी के इन्वेस्टमेंट के नाम पर कई साल से लाखों रुपये की धनराशि जमा करा रहे थे।

संचालक लोगों को महाराष्ट्र की कंपनी द्वारा प्रति लाख रुपये जमा करने पर चार से पांच हजार रुपये प्रति माह भुगतान करा रहे थे। प्रति माह मोटी रकम मिलने से कंपनी में निवेश करने की होड़ लग गई। रमजान से पूर्व भुगतान की जाने वाली धनराशि नौ हजार रुपये प्रति लाख प्रति माह कर दी गई थी।

इन्वेस्टमेंट के नाम पर मोटी रकम अदा करने वाली कंपनी से जलालाबाद क्षेत्र के तीन-चार युवक और उनके संबंधी जुड़े थे। ड्रीम सन शाइन का महाराष्ट्र से ठगी का वीडियो वायरल होने और चार हजार करोड़ की ठगी का मामला सामने आने पर निवेशक हर्सवाड़ा क्षेत्र में अलफलाह स्कूल के निकट कंपनी के कार्यालय पर जमा हो गए। लोगों ने कार्यालय पर लगे ताले तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप, फ्रिज, कूलर अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत किया।

बताया जाता है कि बिजनौर के लोगों से करीब पांच करोड़ रुपये की धनराशि ठगी गई है। इनमें दर्जनों लोगों ने तीन से पांच लाख रुपये और कुछ व्यक्तियों ने 10 से 15 लाख रुपये तक जमा कराए। वीडियो वायरल होने के बाद ठगी करने वाले जलालाबाद क्षेत्र के लोग घर पर ताला लगाकर भाग गए। सीओ नितेश प्रताप सिंह और थाना प्रभारी राहुल सिंह ने कहा कि अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही जांच और कार्रवाई की जाएगी।

0
36 views

Comment