जिला अस्पताल से हत्या का आरोपी गिरफ्तार
शाहजहांपुर। कोतवाली क्षेत्र में हुई युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को जिला अस्पताल से घटना के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करा रहा था।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को न्यू चर्च कॉलोनी निवासी संजीव कुमार पुत्र कृष्णपाल ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि रामचन्द्र मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती रेती निवासी मनमोहन पांडेय उर्फ सोनू उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने संजीव की बहन आरती के परिचित ब्रजदीप पुत्र अशोक कुमार निवासी ब्रजविहार कॉलोनी पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया और आरती पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में आरती और ब्रजदीप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आरती की मौत हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी मनमोहन पांडेय उर्फ सोनू भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहा था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची और चिकित्सकों से आरोपी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों द्वारा आरोपी को स्वस्थ बताते हुए डिस्चार्ज कर दिया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोपहर करीब दो बजे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कार्यपालक थानाध्यक्ष संजीव कुमार, उपनिरीक्षक गोविंद सिंह और हेड कांस्टेबल महेशपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।