अनूपपुर की धरती पर इंसानियत की मिसाल: शिवांश सिंह राजपूत,धायलो की मदद के लिए हर समय रहते हैं तैयार
अनूपपुर।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में एक ऐसा समाजसेवक है, जिसने अपने निस्वार्थ कार्यों से लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है। शिवांश सिंह राजपूत पिछले लगभग 7–8 वर्षों से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं हैं।
जिले में जब भी कहीं सड़क दुर्घटना होती है, तो अक्सर एम्बुलेंस के देर से पहुँचने की वजह से घायल लोग सड़क पर ही तड़पते हुए दिखाई देते थे। इस दर्दनाक स्थिति को देखकर शिवांश सिंह राजपूत ने संकल्प लिया कि जब तक वे हैं, किसी भी घायल को सड़क पर तड़पने के लिए नहीं छोड़ा जाएगा।
तब से लेकर आज तक वे अपने निजी वाहन से दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुँचाते हैं और उनके इलाज में भी हर संभव मदद करते हैं। खास बात यह है कि वे यह सेवा पूरी तरह निस्वार्थ भाव से और बिना किसी शुल्क के करते आ रहे हैं।
एक समय ऐसा भी था जब दुर्घटनाओं के बाद पुलिस केवल औपचारिक कार्रवाई के लिए या शव उठाने के लिए पहुँचती थी, लेकिन अब हालात बदलते नजर आने लगे हैं। शिवांश सिंह राजपूत के इस मानवीय प्रयास को देखकर पुलिस प्रशासन भी अब घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुँचाने के लिए सक्रिय होता दिखाई दे रहा है।
शिवांश सिंह राजपूत की यह कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि साहस, सेवा और सच्ची इंसानियत की मिसाल है। अगर समाज का हर व्यक्ति मुसीबत में फंसे इंसान की मदद के लिए आगे आए, तो न जाने कितनी जिंदगियाँ बचाई जा सकती हैं।