logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

टिहरी और कोटेश्वर बांध क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की तैयारी तेज, 11 मार्च को होगी मॉक ड्रिल

NDMA, USDMA और THDC के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित अभ्यास से आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मिलेगा मजबूती

Report: केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’
टिहरी। देश की महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं टिहरी बांध एवं कोटेश्वर बांध क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 11 मार्च 2026 को व्यापक मॉक एक्सरसाइज (Mock Drill) आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना है।

यह मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), भारत सरकार, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (THDCIL) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जा रही है।

मॉक एक्सरसाइज के दौरान संभावित आपदा की परिकल्पित परिस्थितियों के आधार पर विभिन्न विभागों और एजेंसियों की भूमिका, उनकी कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा और समीक्षा की जाएगी। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप होगा अभ्यास

इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां तत्परता, समन्वय और दक्षता के साथ प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।

इस महत्वपूर्ण अभ्यास में राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, आपदा प्रबंधन से संबंधित एजेंसियां, सुरक्षा बलों के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे।

टेबल टॉप एक्सरसाइज में आपदा प्रबंधन रणनीति पर चर्चा

इसी क्रम में 10 मार्च 2026 को टेबल टॉप एक्सरसाइज (Table Top Exercise – TTEX) आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारियों और रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों और बचाव संसाधनों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से उपस्थित कर्मचारियों तथा स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन, बचाव तकनीकों और आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग होने वाले उपकरणों के बारे में जागरूक किया गया।

अनेक वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक टिहरी कॉम्प्लेक्स एम.के. सिंह, उप जिलाधिकारी टिहरी स्नेहिल कुंवर सिंह, NDMA के समन्वयक सेवानिवृत्त मेजर जनरल ए.के. वर्मा, चीफ इंजीनियर सीईए इरफान अहमद, अपर महाप्रबंधक ओएमएस ए.के. सिंह, अपर महाप्रबंधक विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक बी.डी. सेमवाल, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन मोहन सिंह श्रीसवाल, प्रबंधक जनसंपर्क मनवीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सामूहिक तैयारी, बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और प्रभावी राहत एवं बचाव व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी। इससे भविष्य में किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

5
177 views

Comment