17 पुलिसकर्मी निलंबित, लंबे समय से ड्यूटी से थे गैरहाजिर
शाहजहांपुर:
पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। ये सभी पुलिसकर्मी लंबे समय से बिना सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे थे। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक दरोगा और एक महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इनमें से एक पुलिसकर्मी वर्ष 2023 से ही ड्यूटी पर नहीं आ रहा था, जबकि अन्य 16 पुलिसकर्मी करीब एक साल से अनुपस्थित थे। विभाग की ओर से उनकी अनुपस्थिति का कारण जानने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकांश से संपर्क नहीं हो सका। जिनसे बात हुई, वे भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
बताया जाता है कि एसपी ने हाल ही में लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे पुलिसकर्मियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे। सूची तैयार होने के बाद जब यह उनके पास पहुंची तो विभिन्न थानों में तैनात 17 पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने मंगलवार सुबह सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि बिना सूचना लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और विभाग में अनुशासन बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है।