गैस के लिए हाहाकार: सिद्धार्थनगर में सिलेंडर लेने के लिए 500 मीटर लंबी लाइन, परेशान दिखे उपभोक्ता:
सिद्धार्थनगर में ईरान और इजरायल के बीच संभावित युद्ध को लेकर फैल रही अफवाहों का असर अब जिले में भी दिखने लगा है। इन अफवाहों के कारण बड़ी संख्या में लोग घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर उमड़ रहे हैं। कई जगहों पर उपभोक्ताओं की कतारें 500 मीटर तक पहुंच गई हैं और लोग सुबह से ही अपने नंबर का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
जिले के विभिन्न गैस एजेंसी केंद्रों पर अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अव्यवस्था का माहौल बन गया है। लोगों को यह आशंका जता रहे हैं कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध की स्थिति बनती है, तो गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी डर के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता समय से पहले ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।
जिला मुख्यालय बर्डपुर स्थित आशीर्वाद एचपी गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां सैकड़ों की संख्या में लोग कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। इसी तरह खेसराहा क्षेत्र के घोसियारी स्थित जय माता दी एचपी गैस एजेंसी पर भी लंबी लाइनें लगी रहीं।
शोहरतगढ़ क्षेत्र की उत्तम एचपी गैस एजेंसी और बढ़नी क्षेत्र की युग कृष्णा इंडियन सर्विस गैस एजेंसी पर भी उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसके अलावा, सिद्धार्थ गैस सर्विस एचपी गैस एजेंसी बर्डपुर पर भी बड़ी संख्या में लोग गैस लेने के लिए पहुंचे, जिससे एजेंसी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में काफी
भीड़भाड़ की स्थिति बन गई।
कई उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद उनके मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि ओटीपी नहीं मिलने के कारण गैस एजेंसी संचालक सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से भी एजेंसियों पर भीड़ और अधिक बढ़ गई है, क्योंकि लोग समस्या का समाधान कराने के लिए सीधे एजेंसी पहुंच रहे हैं।
हालांकि जिले में अभी पेट्रोल पंपों पर इस तरह की भीड़ देखने को नहीं मिल रही है। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और पंपों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सिद्धार्थनगर जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जितना एलपीजी लोड सामान्य दिनों में जिले को मिलता है, उतना ही लोड वर्तमान में भी आ रहा है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
टोल फ्री नंबर भी हुए हैं जारी
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि ईरान और इजरायल के बीच युद्ध को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ की स्थिति बन रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें।
उन्होंने बताया कि बुकिंग या गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता संबंधित तेल कंपनियों के टोल फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इण्डियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के लिए टोल फ्री नंबर 18002333555 तथा भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के लिए 1800224344 जारी किया गया है।
इसके अलावा जिले में आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए तहसीलवार मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। नौगढ़ के लिए 8115190379, बांसी के लिए 9415355895, डुमरियागंज के लिए 8960197784, इटवा के लिए 7905005284 और शोहरतगढ़ के लिए 9648026593 नंबर जारी किए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की गैस या पेट्रोल डीजल की कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों से बचकर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।