टिहरी लेक फेस्टिवल 2026: करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब गढ़वाल हीरोज के नाम, 14 गढ़वाल राइफल को 2–1 से हराया
बौराड़ी स्टेडियम में रोमांचक फाइनल, विजेता टीम को ₹1.5 लाख और उपविजेता को ₹75 हजार की पुरस्कार राशि
टिहरी गढ़वाल | 10 मार्च 2026। केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’
टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में आयोजित जनरल के.एम. करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच में गढ़वाल हीरोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 गढ़वाल राइफल को 2–1 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में भी दिखा शानदार खेल
फाइनल से पहले खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गढ़वाल हीरोज ने आईआईएमटी मेरठ को 1–0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
वहीं पहले सेमीफाइनल में 14 गढ़वाल राइफल ने 7 गढ़वाल राइफल को 4–1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।
रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला
फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दर्शकों को पूरे मैच के दौरान रोमांचक खेल का आनंद मिला। अंततः गढ़वाल हीरोज ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर 2–1 से जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विजेताओं को दी गई पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर
विजेता टीम गढ़वाल हीरोज को ₹1.5 लाख,
उपविजेता 14 गढ़वाल राइफल को ₹75,000,
जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को ₹25,000–₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
समापन समारोह में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत तथा नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया। विजेता उप विजेता को ट्रॉफी भी दी गयी
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी अपने अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सभी टीमों के खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।