हिंदू नववर्ष पर उदयपुर में गूंजेगा जय श्रीराम, 27 मार्च को निकलेगी भव्य शोभायात्रा 🚩
उदयपुर, सरगुजा।
हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर उदयपुर नगर में युवामित्र मंडली द्वारा 27 मार्च 2026 को प्रभु श्रीराम जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह शोभायात्रा दोपहर 1 बजे शिव मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करेगी और पूरे नगर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग देगी।
आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष शोभायात्रा को विशेष रूप से भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। शोभायात्रा में महाकाल जी की भव्य झांकी, नरसिंह अवतार की झांकी, शिव-पार्वती जी की झांकी तथा श्रीराम दरबार की झांकी श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत सरगुजा अंचल का प्रसिद्ध शैला नृत्य और गौरा नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में कंकाल रथ, वानर टोली और विभिन्न कलाकारों की झांकियां भी शामिल रहेंगी, जो शोभायात्रा को और अधिक जीवंत बनाएंगी। वहीं पेण्ड्रा से आए कलाकारों द्वारा पांडा शो और गोरिल्ला शो का भी विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ने की संभावना है।
इसके साथ ही भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायिका हर्षदीप सिंह अपनी मधुर आवाज में भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। आयोजन समिति द्वारा शोभायात्रा के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति ने नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से भी दान की व्यवस्था की गई है।