मोदीनगर में किसानों का हंगामा: मोहिउद्दीनपुर ओवरब्रिज पूरा होने तक कादराबाद फाटक पर अंडरपास का काम न शुरू हो - बाबा परमेन्द्र आर्य की मांग
मोदीनगर, 9 मार्च 2026: बाबा परमेन्द्र आर्य के नेतृत्व में रोरी गांव व आसपास के सैकड़ों किसानों ने तहसील मोदीनगर पर धरना दिया और नारेबाजी करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि कादराबाद रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण का काम शुरू होने की सूचना मिली है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।मोहिउद्दीनपुर ओवरब्रिज का काम अभी चल रहा है, जहां जाम की स्थिति बनी रहती है। हापुड़ रोड राज चौपले पर भी ओवरब्रिज निर्माण से यातायात प्रभावित है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि कादराबाद फाटक पर अंडरपास का काम शुरू हुआ तो आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा। उन्होंने मांग की कि मोहिउद्दीनपुर ओवरब्रिज से आवागमन सुचारू होने तक कादराबाद फाटक पर कोई काम न शुरू हो।एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही किसानों व रेलवे अधिकारियों की बैठक बुलाकर समस्या का समाधान किया जाएगा। प्रदर्शन में भाकियू नेता पप्पी नेहरा, कुलदीप त्यागी (तलहेटा), राम नारायण, मनोज मुकदम, मिनु चौधरी, मनोज कुमार, दीपक कुमार, नितिन शर्मा (एडवोकेट), कपिल कुमार, प्रकाश चौधरी, ज्ञानेन्द्र सिंह, राजपाल सिंह, संजू श्योराण आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।