अब सिर्फ अस्पतालों और स्कूलों को मिलेंगे कमर्शियल LPG सिलेंडर, होटल-रेस्टोरेंट की सप्लाई पर रोक
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश दिया है कि फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही दिए जाएं। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल संस्थानों को सिलेंडर की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
Moneycontrol ने LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स को भेजी गई आंतरिक सूचना को देखा है। इसके मुताबिक OMCs ने LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स से कहा है कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के ताजा निर्देशों के अनुसार नॉन डोमेस्टिक यानी कमर्शियल सिलेंडर अब केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही बेचे जाएंगे। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल संस्थानों को फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
इस बीच घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतर भी बढ़ा दिया गया है। पहले जहां एक सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन में बुक किया जा सकता था, अब यह अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।
NDNE डिस्पैच पर भी लगाई गई रोक
8 मार्च को जारी एक अन्य आंतरिक सूचना में OMCs ने कहा कि युद्ध की स्थिति बिगड़ने और आयात में रुकावट के कारण नॉन डोमेस्टिक नॉन एसेंशियल (NDNE) यानी कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई अगली सूचना तक रोक दी गई है।
सूचना में कहा गया है कि सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स और सीधे ग्राहकों को इस फैसले की जानकारी दी जाए। साथ ही संबंधित डिविजनल मैनेजर और राज्य स्तर की सेल्स टीमें महत्वपूर्ण ग्राहकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर स्थिति समझाएं।
यह भी कहा गया है कि डिस्ट्रीब्यूटर्स, रिटेलर्स, बड़े ग्राहकों और व्यापारिक साझेदारों को समय समय पर उत्पाद की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी जाए और उन्हें भरोसा दिलाया जाए कि स्थिति सामान्य होते ही सप्लाई फिर से शुरू कर दी जाएगी।
कमर्शियल सिलेंडर की लोडिंग-बिलिंग भी रोकी गई
एक LPG डिस्ट्रीब्यूटर ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की लोडिंग और बिलिंग फिलहाल रोक दी गई है। जब तक LPG की नई खेप आने की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक सप्लाई शुरू नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल बॉटलिंग प्लांट्स में मौजूद LPG स्टॉक घरेलू सिलेंडरों की भराई के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है। कमर्शियल सिलेंडर केवल आपात सेवाओं जैसे अस्पतालों के लिए सीमित रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे।
होटल एसोसिएशन ने दी बंद की चेतावनी
डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक Indian Oil Corporation के बेंगलुरु स्थित देवनागोंथी टर्मिनल पर भी कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है। इसका कारण चेन्नई और मंगलुरु पोर्ट से LPG की खेप न पहुंचना बताया जा रहा है।
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी के कारण बेंगलुरु में स्थिति गंभीर हो गई है। बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर सप्लाई जल्द बहाल नहीं हुई तो 10 मार्च से होटल बंद किए जा सकते हैं।
एक अन्य LPG डीलर ने बताया कि सरकार ने फिलहाल पूरे देश में कमर्शियल सिलेंडरों की बॉटलिंग अस्थायी रूप से रोक दी है। डीलर के मुताबिक, 'आज सुबह से कमर्शियल सिलेंडरों की भराई रोक दी गई है और देशभर में कोई डिस्पैच नहीं हो रहा है। यह समस्या केवल बेंगलुरु तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में है। LPG की उपलब्धता के आधार पर सरकार तय करेगी कि सप्लाई कब दोबारा शुरू होगी।'