जंगली हाथी की चपेट में आए बुजुर्ग की मौत, मृतक की पत्नी को मिला मुआवजा
लातेहार: गुरुवार देर रात जंगली हाथी ने जिले के चंदवा थाना अंतर्गत माल्हन भंडार टोली गांव में एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला। मृतक की पहचान टिभरू गंझू के रूप में हुई है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि टिभरू गंझू रात में अपने घर में सोया हुआ था। देर रात वह शौच करने के लिए अपने घर से बाहर निकला। घर के बाहर एक पेड़ के पास हाथी खड़ा था। उसे देखते ही हाथी ने उसपर हमला कर दिया। टिभरू गंझू हल्ला मचाते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
किसी प्रकार टिभरू गंझू की पत्नी किसी प्रकार जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही। इधर घटना की सूचना पर रेंजर नंद कुमार महतो के नेतृत्व में वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची व स्थिति का जायजा लिया। रेंजर ने मुआवजा के रूप में तत्काल मृतक की पत्नी को 40 हजार रुपए दिए। जब कि शेष 3 लाख 60 हजार रुपए कागजी प्रावधान पूरी होने के बाद दिए जाने का आश्वासन दिया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।