दहेज प्रताड़ना व संदिग्ध मौत मामले में छह पर प्राथमिकी दर्ज
कांड संख्या 91/2026 दर्ज, पति सहित सास-ससुर, देवर व ननद पर दहेज हत्या का आरोप
बरही। कोल्हुआकला पंचायत के बेला गांव निवासी राजकुमार राम ने अपनी पुत्री रिशु की संदिग्ध मौत के मामले में ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में बरही थाना में कांड संख्या 80/2026 दर्ज किया गया है।
दर्ज आवेदन के अनुसार वर्ष 2019 में उनकी पुत्री रिशु की शादी दुलमहा गांव निवासी विकास कुमार (पिता– इंद्रदेव राम) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार 8 मार्च की रात करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री की तबीयत खराब है और उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे तो उनकी पुत्री बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था।उन्होंने अपनी पुत्री के पति समेत सास, ससुर, देवर और ननद पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति विकास कुमार, सास रीना देवी, देवर आशीष कुमार, ससुर इंद्रदेव राम, ननद नीतू कुमारी तथा मिथिलेश राम को आरोपी बनाया है। इनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए, 304बी, 323, 34 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार मृतका के दो छोटे बच्चे हैं।