logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का उत्साहपूर्ण जमावड़ा

**अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का उत्साहपूर्ण जमावड़ा**
**“नारी के सहभाग बिना हर बदलाव अधूरा है”**

*दिन की रोशनी ख्वाबों को बनाने में गुजर गई,*
*रात की नींद बच्चे को सुलाने में गुजर गई।*
*जिस घर में मेरे नाम की तख्ती भी नहीं,*
*सारी उम्र उस घर को सजाने में गुजर गई।*

**बोकारो, 8 मार्च 2026:**
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बोकारो इस्पात ऑफिसर्स–रिटायर्ड और **ट्रू गांधीयन ग्रुप** के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के बीच एक विशेष *आपसी संवाद कार्यक्रम* का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में महिलाओं की भूमिका, उपलब्धियों तथा चुनौतियों पर खुलकर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की शुरुआत ट्रू गांधीयन ग्रुप की उपाध्यक्ष **संध्या मिश्रा** ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं ने अपने संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा के बल पर समाज को नई दिशा दी है। शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं और आज वे उद्योग, व्यापार तथा रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि *महिला केवल परिवार की शक्ति नहीं होती, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की आधारशिला होती है।*

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना आवश्यक है, लेकिन यह भी सच्चाई है कि उनके विकास के मार्ग में आज भी कई चुनौतियाँ मौजूद हैं। आज भी कई स्थानों पर बेटियों को शिक्षा के समान अवसर नहीं मिलते। सामाजिक रूढ़ियाँ और भेदभाव उनकी प्रतिभा को दबा देते हैं। आर्थिक क्षेत्र में भी महिलाएँ असमान वेतन और सीमित अवसरों का सामना करती हैं। सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार आज भी महिलाओं के लिए संघर्ष का विषय बने हुए हैं।

ट्रू गांधीयन ग्रुप के उपाध्यक्ष **विकास पांडे** ने कहा कि महिलाएँ परिवार की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा, *“जब एक पुरुष टूटता है तो एक व्यक्ति टूटता है, लेकिन जब एक महिला टूटती है तो पूरा परिवार बिखर जाता है।”* इसलिए महिला सशक्तिकरण तभी सार्थक होगा जब महिलाएँ समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी।

कार्यक्रम के दौरान कई सहभागी महिलाओं ने गीतों के माध्यम से समाज और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी प्रेरणादायक बन गया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता **बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन (रिटायर्ड)** के अध्यक्ष **अनूप चौबे** ने की। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रू गांधीयन ग्रुप के अध्यक्ष **तारा बाबू** और जनरल सेक्रेटरी **रितेश चौबे** का योगदान सराहनीय रहा। ट्रू गांधीयन ग्रुप के महामंत्री **नरेंद्र वर्मा** बोकारो से बाहर होने के बावजूद कार्यक्रम की सफलता के लिए लगातार सुझाव देते रहे और पूरी गतिविधियों पर अपनी नजर बनाए रखी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महिला सशक्तिकरण पर अपने-अपने विचार साझा किए। ट्रू गांधीयन ग्रुप के अध्यक्ष **तारा बाबू** ने समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। वहीं रिटायर्ड ऑफिसर **सुबोध कुमार झा** ने महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनने की अपील की। बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यरत **शैलेश दुबे** ने ट्रू गांधीयन ग्रुप की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर ट्रू गांधीयन ग्रुप की **रीना झा, मालती कुमारी, कंचन कुमारी, वंदना, नीता कुमारी, आरती देवी, सुनीता कुमारी, संगीता कुमारी, पम्मी कुमारी, रूबी चौबे, स्निग्धा, अवंतिका चौबे, अनिता सिंह, त्रिप्ता चौबे, आशा देवी, निर्मला पांडे, आतिश मिश्रा, कृष्ण कुमार, चंद्रवती तिवारी, दिया मिश्रा, हर्षिता मिश्रा, अंशिका मिश्रा** सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने मिलकर समाज में महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

64
2050 views

Comment