मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर राष्ट्रीय जनता दल ने उठाए सवाल, स्थिति स्पष्ट करने की मांग....
पटना, 9 मार्च 2026
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता श्री चित्तरंजन गगन ने कहा है कि बिहार की जनता नीतीश कुमार से यह जानना चाहती है कि 20 नवम्बर 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के मात्र 100 दिनों के बाद ऐसी कौन-सी परिस्थिति पैदा हो गई, जिसके कारण उन्हें राज्यसभा जाने की आवश्यकता पड़ रही है।
राजद प्रवक्ता श्री चितरंजन गगन ने कहा कि यह केवल जनता दल (यूनाइटेड) और (एनडीए) का आंतरिक या मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि बिहार के मुख्यमंत्री से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों तक मुख्यमंत्री बनाए जाने के नाम पर बिहार के मतदाताओं से वोट मांगे गए थे, इसलिए जनता को यह जानने का अधिकार है कि ऐसी कौन-सी स्थिति उत्पन्न हुई कि उन्हें राज्यसभा जाना पड़ रहा है।
गगन ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को उनकी अभिरुचि के विरुद्ध राजनीति में आने के लिए राजी किए जाने की भी चर्चा हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री अपनी प्रस्तावित यात्रा के दौरान बिहार की जनता के सामने बदली हुई राजनीतिक स्थिति की सच्चाई रखने का साहस करेंगे, क्योंकि यह मामला हर बिहारी की भावना से जुड़ा हुआ है।
राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के ट्विटर अकाउंट से किए गए ट्वीट की भाषा और शैली देखकर लोगों को यह विश्वास नहीं हो रहा है कि वह ट्वीट स्वयं मुख्यमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या उनके पुत्र द्वारा दिए गए बयान भी स्वाभाविक नहीं लगते। निशांत कुमार ने स्वयं मीडिया के सामने कहा था कि उनके पिता को 2025 से 2030 तक के लिए मुख्यमंत्री बनाया गया है, फिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति बन गई कि उन्हें राज्यसभा जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि पर्दे के पीछे की वास्तविकता को छुपाया गया तो यह बिहार के साथ विश्वासघात होगा और इस अभियान में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।