डॉ. कुमारी सुनिता सिंह को मिला ‘गार्गी नारी शक्ति अवार्ड’
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. कुमारी सुनिता सिंह को ‘गार्गी नारी शक्ति अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 8 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में ‘गार्गी अध्याय’ द्वारा, आईपीएस अधिकारी श्री विकास वैभव के ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के अंतर्गत प्रदान किया गया।
यह सम्मान उनके वर्षों के सामाजिक समर्पण, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की सराहना के रूप में दिया गया। भोजपुर की सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. कुमारी सुनिता सिंह वर्तमान में “दिशा एक प्रयास” संस्था की सचिव हैं और लंबे समय से महिलाओं के सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उनके नेतृत्व में संस्था ने कई सामाजिक अभियानों को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।
समाज में परिवर्तन के लिए उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए उन्हें समय-समय पर कई राष्ट्रीय और सामाजिक सम्मान भी मिल चुके हैं, महिला दिवस के अवसर पर मिला ‘गार्गी नारी शक्ति अवार्ड’ उनके इसी लंबे सामाजिक संघर्ष और सेवा की एक और पहचान है।