हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
चरखी दादरी। केकेसी हरियाणा के प्रदेश महासचिव महेंद्र सिंह ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा पढ़-लिखकर भी रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा पा रही है।
महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के कई सरकारी विभागों में हजारों पद खाली पड़े हैं, लेकिन लंबे समय से इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इससे युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को इसका लाभ नहीं मिल रहा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश के सभी खाली सरकारी पदों पर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए और भर्ती प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, ताकि योग्य युवाओं को उनका हक मिल सके।
महेंद्र सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने इस दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो युवाओं के साथ मिलकर इस मुद्दे को पूरे प्रदेश में जोर-शोर से उठाया जाएगा।