logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गैरसैंण में आज से शुरू होगा उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र, सीएम धामी पेश करेंगे 2026–27 का बजट

गैरसैंण (भराड़ीसैंण): उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में राज्य विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 9 मार्च से शुरू हो रहा है। यह सत्र दो दिनों तक चलेगा। पहले दिन सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के अभिभाषण से होगी, जबकि दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्ष 2026–27 का बजट पेश करेंगे।
बताया जा रहा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार इस बार करीब 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश कर सकती है। बजट सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है।
राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत
सोमवार सुबह 11 बजे राज्यपाल गुरमीत सिंह विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी और दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री धामी बजट पेश करेंगे।
विपक्ष पहले ही दिन बजट सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग भी उठा सकता है।
जनता के हित में होगा बजट: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बजट जनता के हित में तैयार किया गया है और इसमें सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आगे बढ़ाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रावधान करने जा रही है।
वित्त मंत्री के रूप में धामी का पहला बजट
यह बजट मुख्यमंत्री धामी के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि वित्त मंत्री के रूप में यह उनका पहला पूर्ण बजट होगा। इससे पहले उन्होंने पिछले वर्ष अनुपूरक बजट पेश किया था।
गौरतलब है कि पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद वित्त विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री धामी ही संभाल रहे हैं।
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय हुआ एजेंडा
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में रविवार देर शाम हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया। चूंकि यह इस वर्ष का पहला सत्र है, इसलिए इसकी शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से की जाएगी।

2
588 views

Comment