गंगा दर्शन पार्क में चला स्वच्छता अभियान, भागीरथी कला संगम के सदस्यों ने दिया स्वच्छता का संदेश
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से आज प्रातः भागीरथी कला संगम के सदस्यों द्वारा गंगा दर्शन पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पार्क में फैली गंदगी को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी बढ़ने लगती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यह अभियान शुरू किया। सुबह करीब छह बजे से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्यों ने पार्क परिसर में सफाई की।
अभियान के दौरान पार्क में फैली गंदगी देखकर सभी सदस्य हैरान रह गए। सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन की थैलियां तथा शराब की खाली बोतलें एकत्र की गईं। सभी कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
संस्था के निर्देशक मदन गड़ोई ने कहा कि गर्मियों के मौसम में गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है ताकि लोग अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और बीमारियों से बच सकें।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि शहर को साफ-सुथरा और स्वस्थ रखा जा सके।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र बर्थवाल, संरक्षक रमेश थपलियाल, सचिव पदमेंद्र रावत, भगत सिंह बिष्ट, हरेंद्र तोमर, मदन गड़ोई सहित कई सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाया