महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं में दिखा जोश
शाहजहांपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके सशक्तिकरण के उद्देश्य से डॉ. सुदामा प्रसाद विद्यास्थली में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat) शाहजहांपुर की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला क्रीड़ाधिकारी एस.पी. बमनिया और जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया मौजूद रहे। उन्होंने महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। जिला गंगा समिति से डॉ. विनय सक्सेना ने इस वर्ष की थीम “गिव टू गेन” पर प्रकाश डाला और खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित कराई।
खेलो इंडिया की अस्मिता लीग की तर्ज पर आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में प्रांजली ने पहला, नेहा ने दूसरा और वर्षा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में राधिका प्रथम, अंजली द्वितीय और जानवी गुप्ता तृतीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में आस्था ने पहला, भावना ने दूसरा और रागिनी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
रस्साकशी प्रतियोगिता में कुंती के नेतृत्व में रानी लक्ष्मीबाई टीम विजेता रही, जबकि शिवानी के नेतृत्व में रानी अहिल्याबाई टीम उपविजेता बनी।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र और MY Bharat कैप देकर खेल प्रशिक्षक महजबी मंसूरी व वंदना सैनी ने सम्मानित किया। वहीं नमामि गंगे क्विज प्रतियोगिता में इशिका श्रीवास्तव, आशा और सौम्या राज को भी पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि वंदना सैनी और महजबी मंसूरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समाज में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के महत्व को याद दिलाता है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक पंकज सक्सेना, निशांत, शकील, मुजाहिद अली, इरफान, हिमांशु सक्सेना समेत माय भारत के कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।