कानपुर में 12वीं पास लड़कों ने ऐसा कारनामा किया है......
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कानपुर में 12वीं पास लड़कों ने ऐसा कारनामा किया है कि जिसका खुलासा करते हुए पुलिस महकमा भी हैरान था. शहर के 12वीं पास लड़कों ने 250 करोड़ रुपये की ठगी की. इसके साथ ही 38 बोगस कंपनियां खोली. पुलिस ने इस गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनके पांच साथी फरार हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है. कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा किया है।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने फर्जीवाड़ा करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है. इस फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए पुलिस आयुक्त ने बताया कि गरीबों और छात्रों को लोन दिलाने के नाम पर गैंग के सदस्य उनके दस्तावेज लेते थे, जिसमें पैन कार्ड, आधार कार्ड और जमीनी संपत्तियों के दस्तावेज शामिल रहते थे. दस्तावेजों के आधार पर उनके नाम से फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी का पंजीकरण कराया जाता था. उन फर्मों पर बैंक खाते खोले जाते थे. जांच के आधार पर पुलिस ने खातों में 1.50 करोड़ की धनराशि फ्रीज कराई है।