आरटीई के तहत निःशुल्क प्रवेश प्रक्रिया की समय-सारणी जारी
दमोह/ राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल द्वारा जारी आदेशानुसार निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कमजोर वर्ग तथा वंचित समूह के बच्चों को मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विस्तृत समय-सारणी निर्धारित की गई है।
जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए मान्यता प्राप्त आशासकीय विद्यालयों एवं उनमें उपलब्ध कक्षाओं की सीटों का विवरण 09 मार्च से आरटीई पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाएगा। अभिभावक 13 मार्च से 28 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसी अवधि में आवेदन पत्र में आवश्यक त्रुटि सुधार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। आवेदन उपरांत 14 मार्च से 30 मार्च तक निर्धारित सत्यापन केन्द्रों (शासकीय जनशिक्षा केन्द्र) में अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 02 अप्रैल को रेण्डम पद्धति से ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से विद्यालयों का आवंटन किया जाएगा। चयनित आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से सूचना प्रेषित की जाएगी। विद्यालय आवंटन उपरांत अभिभावकों को 03 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच संबंधित अशासकीय विद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। विद्यालय द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से एडमिशन रिपोर्टिंग की जाएगी।
उन्होने बताया समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की जावेगी, इसके साथ ही प्रत्येक जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर दो नोडल अधिकारी एवं 3 मेंटर उपस्थित होकर प्राप्त आवेदनों एवं अभिलेखों का ऑनलाइन सत्यापन करेगें। जिसका निरीक्षण बीआरसीसी के द्वारा किया जावेगा।