logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राखा माइंस स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ, 30 साल पुरानी मांग पूरी

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी–योगनगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया। सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया और इसे क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात बताया।
करीब 30 वर्षों से राखा माइंस और आसपास के गांवों के लोग इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार यह मांग पूरी हो गई, जिससे इलाके के लोगों में काफी खुशी देखी गई। ट्रेन के ठहराव की खबर मिलते ही आसपास के दर्जनों गांवों के लोग स्टेशन पर पहुंच गए और उत्साह के साथ ट्रेन का स्वागत किया।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि इस ठहराव से राखा माइंस, घाटशिला क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अब लोगों को दूर-दराज के स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी रेलवे से अन्य सुविधाएं दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर खड़गपुर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीषा गोयल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक सहित मंडल के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में DRUCC के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उत्कल एक्सप्रेस अब राखा माइंस स्टेशन पर अप और डाउन दोनों दिशा में रुकेगी, जिससे यात्रियों को सीधे पुरी और योगनगरी ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
इस ऐतिहासिक पल को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे इलाके के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

0
57 views

Comment