बकरी विवाद में बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पीठ कर हत्या सन्हौला थाना क्षेत्र में हुई घटना प्राथमिकी दर्ज दो अभियुक्त गिरफ्तार दो की तलाश जारी
सन्हौला भागलपुर से आशीष कुमार की खास रिपोर्ट
भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बकरी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना महेशपुर पंचायत के खीरीडाड गांव की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान सुबोध मंडल (उम्र लगभग 55 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के बीच वाले बेटे चंदन कुमार ने बताया कि घटना के समय उनकी मां घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी की बकरी उनके घर में घुस गई। जब उनकी मां बकरी को भगाने लगीं तो इस बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
चंदन कुमार के अनुसार, उस समय उनके पिता घर के अंदर सत्संग का भजन सुन रहे थे। बाहर शोर-शराबा सुनकर उन्होंने भजन बंद किया और बाहर आए। इसी दौरान चार लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों से की गई मारपीट के बाद उन्हें सड़क किनारे पटक दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े बेटे ने बताया कि संबंधित लोगों के साथ पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सन्हौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है, जिसमें रामधनी मंडल, अनीता देवी, गोलू मंडल और राहुल कुमार को नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामधनी मंडल और गोलू मंडल को हिरासत में ले लिया है और उन्हें न्यायालय भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं अन्य दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला से फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का कार्य किया।
मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता ने ही उन्हें रोजगार के लिए टेंपो दिलाया था, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए कहा कि इस घटना में शामिल सभी लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।