मानदेय न मिलने से नाराज मनरेगा कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर जताया रोष
चित्रकूट जिले के विकास खण्ड पहाड़ी में मनरेगा कर्मचारियों का कई महीनों से मानदेय बकाया होने के कारण कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मुद्दे को लेकर मनरेगा कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
शनिवार को कर्मचारियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर सरकार और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और जल्द से जल्द बकाया मानदेय भुगतान की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि पहाड़ी ब्लॉक में कार्यरत रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखा सहायक और तकनीकी सहायक सहित कई मनरेगा कर्मचारियों को जुलाई 2025 से अब तक मानदेय नहीं मिला है। लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है, वहीं बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्च भी प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार जुलाई, अक्टूबर और दिसम्बर में विभागीय अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। हाल ही में मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर बकाया मानदेय और ईपीएफ भुगतान की मांग भी की थी। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि त्योहारों के समय भी उन्हें मानदेय नहीं मिला। होली जैसे बड़े पर्व पर वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया मानदेय और ईपीएफ का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर अनिल शुक्ला, गोपाल कृष्ण शुक्ला, अभिलाष कुमार द्विवेदी, गौरीशंकर, रामकुमार, कमलेश सिंह, शंकरदयाल, राकेश सिंह सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।