logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीन गौवंश की मौत, उपचार न मिलने पर पशु चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप



बिल्सी। क्षेत्र के सतेती स्थित फ्यूचर लीडर स्कूल के सामने शुक्रवार रात लगभग 9 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी तीन गौमाताओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक गर्भवती गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षक एवं हिंदू युवा वाहिनी के नगर मंत्री टिंकू गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल गौवंशों को बचाने के लिए पशु चिकित्सक को कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि चिकित्सक ने फोन नहीं उठाया। काफी देर तक संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला और बताया गया कि रात लगभग 11 बजे तक फोन बंद हो गया। समय पर इलाज न मिलने के कारण दोनों घायल गौवंशों ने भी तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। गौ रक्षक टिंकू गुप्ता ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि समय पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंच जाते तो दो गौवंशों की जान बचाई जा सकती थी। घटना की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और पूरी स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मौके पर नगर मंत्री टिंकू गुप्ता (हिंदू युवा वाहिनी गौ रक्षक), यश विश्वास, अंकुर ठाकुर और हिमांशु राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद

2
58 views

Comment